छतरपुर। दुर्गा शक्ति फाउंडेशन छतरपुर द्वारा प्राइमरी शाला करेलिया कुआं में महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना व आरती के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध कवियित्री एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता मालती श्रीवास्तव रहीं, जबकि अध्यक्षता गांधी आश्रम की सचिव दमयंती बहन ने की। इस मौके पर ऊषा शुक्ला, मनीषा तिवारी, सरोज अग्निहोत्री उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में दमयंती बहन ने महिलाओं को होने वाली समस्याओं का हल बताते हुए महिलाओं को अपने अंतर्मन की शक्ति को मजबूत बनाने और गांधी दर्शन को समझने के बारे में प्रकाश डाला। अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती श्रीवास्तव ने महिलाओं को बताया कि वे शक्ति स्वरूपा हैं। उन्हें संयम और सतर्कता के साथ अपने घर परिवार अपने आस पड़ोस और अपने राज्य और देश में एक स्वस्थ और सुंदर समाज बनाने की चेष्टा करनी चाहिए। कार्यक्रम की संयोजक कीर्ति विश्वकर्मा ने आज के समय में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। महिलाओं को स्वयं सक्षम होने के दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला स्वरोजगार के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के विषय पर भी विस्तृत चर्चा की। इस संबंध में महिलाओं द्वारा मांगी गई आवश्यक जानकारियां प्रदान की गईं।
उन्होंने यह आह्वान किया कि सभी महिलाएं स्वयं को शिक्षित एवं समर्थ बनाएं ताकि वे समाज को भी नई दिशा देने में क्षमता हासिल कर पाएं। कार्यक्रम में उषा शुक्ला ने एक गीत के माध्यम से महिलाओं में प्रेरणा का स्त्रोत स्थापित किया। इस मौके पर मनीषा तिवारी ने महिलाओं को शासकीय स्कूलों के प्रति हीनभावना होने की समस्या पर प्रकाश डाला और महिलाओं को बताया कि शासकीय स्कूल में अच्छी पढ़ाई होने के साथ-साथ बच्चों को शासन द्वारा बहुत सारी सुविधाएं दी जाती हैं। कार्यक्रम में सरोज अग्निहोत्री ने भी महिलाओं को शिक्षित होने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर विद्या देवी, उर्मिला, आशा, केसर, सुनीता, राजकुमारी, शिवकली, बालकिशन, नैनी बाई, आसमा, फूला देवी, सीमा अनुरागी, गिरजा, ज्योति, गोरे कुशवाहा, अंगूरी खटीक, मुन्नी, बुधिया बाई, राबिया, पूजा बंसल एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।